ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के ब्लू सफायर मॉल स्थित ज्वेलरी शोरूम से सोने के आभूषण चोरी हुए। इनकी कीमत करीब पांच लाख 80 हजार रुपये थी। पुलिस ने दुकान के कर्मचारी अमित प्रसाद को गिरफ्तार किया है। अमित प्रसाद ने छह नवंबर को दुकान से सोने के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने स्थानीय सूचना की मदद से शुक्रवार को आरोपी अमित प्रसाद को महागुन मार्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ने कुछ माह पहले खुद का व्यापार शुरू करने के लिए एक परिचित से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोपी को खुद के व्यापार में नुकसान हो गया था। इस कारण वह उधारी नहीं चुका पा रहा था। उधारी चुकाने के लिए आरोपी ने ज्वेलरी की दुकान से गहने चोरी किए थे। आरोपी ने इन गहनों को करीब 80 हजार रुपये में बेचा था। जिसमें 60 हजार रुपये उधारी के चुकाए थे। वहीं 20 हजार रुपये नकद मिले थे। कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह का कहना है कि बिक्री से मिली रकम में से 20 हजार रुपये उसके कब्जे से बरामद हुए हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।