सर्विस लेन पर खड़ी कार में स्काॅर्पियो ने मारी टक्कर, एक की मौत
मृतक की पत्नी ने अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गांव साकीपुर के पास सर्विस लेन पर खड़ी एसेंट कार में तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में गोकुल प्रसाद शर्मा (44) की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी को तलाश रही है।
मूलरूप से उत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर स्थित काशीपुर निवासी गोकुल प्रसाद शर्मा परिवार के साथ ग्रेनो के सेक्टर बीटा में रहते थे। सोमवार को वह दोस्त अजीत सिंह चौहान के साथ गांव साकीपुर के पास सर्विस लेन पर साइड में खड़े थे। तभी तेज रफ्तार स्काॅर्पियो के चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में पास में खड़े गोकुल गंभीर रूप से घायल हो गए। अजीत ने उन्हें गंभीरावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गाेकुल को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की पत्नी भावना की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है, हालांकि मामले में सोशल मीडिया पर हिट एंड रन का आरोप लगाते हुए हत्या का मैसेज वायरल हो रहा है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।