बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया पत्र
नोएडा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर कहा है कि विद्यालयों में विभागीय, सीएसआर, एनजीओ और अन्य योजनाओं के तहत उपलब्ध कराए गए स्मार्ट टीवी, स्मार्ट क्लासरूम सेट, इन्वर्टर, बैटरी, प्रोजेक्टर, लैपटॉप, डेस्कटॉप, माउस, एक्सटेंशन बोर्ड और स्पीकर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित रखा जाए।
उपकरणों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी प्रिंसिपल की
जिले के बेसिक विद्यालयों में 20 मई से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित है। इस दौरान स्कूलों में नियमित गतिविधियां नहीं होंगी, लेकिन उपकरणों की सुरक्षा और निगरानी की पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापकों की रहेगी।
हर साल जारी होते हैं निर्देश
बीएसए राहुल पवार ने बताया कि ऐसे निर्देश हर वर्ष जारी किए जाते हैं। उनका कहना है कि विद्यालय परिसर और वहां उपलब्ध संसाधनों की सुरक्षा संबंधित विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए प्रधानाध्यापक यह सुनिश्चित करें कि कमरों में मजबूत ताले लगे हों और स्कूल में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल होती रहे।
सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था आवश्यक
हालांकि कुछ शिक्षकों का कहना है कि अवकाश के दौरान भी स्कूल आकर निगरानी करने की जिम्मेदारी मिलने से प्रधानाध्यापकों को चौकीदार जैसी भूमिका निभानी पड़ रही है। विभाग का तर्क है कि करोड़ों रुपये के संसाधनों और विद्यालय परिसरों की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था आवश्यक है।