तीन दिन पहले बिजली के काम के लिए खोदी थी सड़क, बारिश के बाद धंसी आधे घंटे तक फंसी रही बस, अभिभावक हुए परेशान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-37 में बृहस्पतिवार को बारिश के बाद सड़क धंसने से बच्चों से भरी स्कूली बस का पहिया गड्ढे में फंस गया। बस सेक्टर-126 स्थित मयूर स्कूल से बच्चों को लेकर सिटी सेंटर की ओर जा रही थी। गनीमत रही कि हादसे में कोई बच्चा घायल नहीं हुआ। बच्चों को सुरक्षित उतारकर दूसरी बस से घर भेजा गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से बस को बाहर निकाला गया। घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों ने गड्ढे को भरवाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले विद्युत निगम ने सड़क पर काम के लिए खुदाई की थी। आरोप है कि काम पूरा होने के बाद गड्ढे को ठीक से भरने और आसपास सुरक्षा के इंतजाम करने के बजाय उसमें मलबा डालकर छोड़ दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह बारिश के बाद सड़क धंस गई और वहां से गुजर रही बस का पहिया गड्ढे में फंस गया। बस के अचानक रुकने से बच्चे घबरा गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया।
आधे घंटे तक फंसी रही बस
बस को गड्ढे से निकालने के लिए जेसीबी बुलानी पड़ी। इस दौरान यातायात भी प्रभावित रहा। बच्चों के निर्धारित समय पर घर नहीं पहुंचने से अभिभावक चिंतित हो गए। उन्होंने स्कूल में फोन कर बच्चों के बारे में जानकारी ली। एक अभिभावक के मुताबिक, बच्चे करीब आधे घंटे की देरी से घर पहुंचे। उनके सुरक्षित पहुंचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस निकलने के बाद गड्ढे को भरवाया, ताकि दोबारा कोई हादसा न हो। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) विवेक कुमार पटेल ने बताया कि संबंधित स्थान पर काम किसकी जिम्मेदारी में कराया जा रहा था, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बस की टक्कर से पेट्रोल पंप की दीवार गिरी
बारिश के दौरान सेक्टर-33 में शंकर स्पेशल स्कूल के पास स्थित पेट्रोल पंप की चहारदीवारी भी बस की टक्कर से गिर गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, दीवार पहले से जर्जर थी और लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गई थी। ऐसे में हल्की टक्कर लगने से वह ढह गई।