ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे डी मार्ट से चार मूर्ति की ओर जाने वाले मार्ग पर एक स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हड़कंप मच गया। ब्लूम पब्लिक स्कूल गाजियाबाद की बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे के वक्त बस में 15 से अधिक बच्चे सवार थे, जो स्कूल जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ जब बस अचानक से बेकाबू हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिसरख कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बच्चों को स्कूल बस से निकलने में स्थानीय लोगों ने मदद की। गनीमत रही कि यह हादसा स्कूल समय के दौरान भीड़भाड़ से पहले हुआ। जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात का दबाव भी रहा। लेकिन मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस की ओर से जल्द ही यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि, कुछ बच्चों को हल्की खरोंच आई हैं। एहतियातन सभी बच्चों को दूसरी बस से स्कूल भेज दिया गया। अभिभावकों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया जा रहा है ताकि यातायात सामान्य हो सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार होने के कारण संतुलन बिगड़ने से हादसे की बात सामने आई है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है।