तावडू। नगर के डिढ़ारा बाईपास पर खड़ी एक कार में देर रात अचानक आग लग गई। सीट पर अचेत पड़े चालक को पुलिस व दमकल कर्मियों ने बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
एएसआई भंवर सिंह ने बताया कि बीती रात उन्हें सूचना मिली थी कि सीलखो गांव की ओर से एक बाइक लूटने का आरोपी आ रहा है। इसी को लेकर वह व उनकी टीम नूहं बाईपास तावडू पर नाकाबंदी लगाए हुए थे। तभी रात 12 बजकर 40 मिनट पर उन्हें सूचना मिली कि वहां से कुछ ही दूर डिढ़ारा बाईपास पर एक कार में आग लग गई है।
उन्होंने दमकल विभाग को सूचित किया और घटनास्थल पर पहुंचे। वहां देखा कि कार के पिछले हिस्से में आग लगी हुई है। चालक उसके अंदर अचेत अवस्था में है। उन्होंने सबसे पहले दमकल कर्मियों की सहायता से चालक को बाहर निकाला जिससे उसकी जान बच सकी। उसकी पहचान मनीष निवासी जौरासी के रूप में हुई। कार चालक दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।