कामाख्या धाम में नवरात्र के पहले दिन दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : पुलिस गिरफ्त में आरोपी प्रदीप।
गाजीपुर। सर्व मंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके, शरण्ये त्रयंबके गौरी नारायणी नमोस्तुते के वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शारदीय नवरात्र की शुरुआत सोमवार से हो गई। पहले दिन मां भगवती के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री का पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने घरों में कलश की स्थापना कर दुर्गा सप्तशती एवं दुर्गा चालीसा का पाठ किया। देवी मंदिरों में भक्तों ने मातारानी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मां कामाख्या धाम समेत 25 से अधिक देवी में हजारों श्रद्धालुओं ने शक्ति की आराधना की। इस दौरान मंदिर परिसरों में स्थित दुकानदारों ने करीब एक लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया। मां दुर्गा के नौ रूपों में एक स्वरूप शैलपुत्री का है। नवरात्र के पहले दिन देवी के इस स्वरूप की पूजा की जाती है। घर-घर शैलपुत्री के स्वरूप का पूजन हुआ। नौ दिन का व्रत रखने वाले भक्तों ने घरों में कलश की स्थापना कर सप्तशती का पाठ किया। भोर से ही मंदिरों में भक्तों के आने का क्रम शुरु हो गया था। देर शाम तक लोग दर्शन को आते रहे। शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, सकलेनाबाद, नवापुरा, लंका, रौजा, पीरनगर, नवाबगंज स्थित मां शीतला माता मंदिर, काली धाम एवं हमीद सेतु स्थित काली मंदिर के साथ ही अन्य मंदिरों पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, फूल-माला मां के चरणों में अर्पित कर एवं मत्था टेककर उनसे मंगल की कामना की। गहमर स्थित प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम में मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन का जो सिलसिला शुरू हुआ वह देर शाम तक चलता रहा। महंत आकाशराज तिवारी ने बताया कि करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने देवी मां के चरणों में शीश झुकाकर परिजनों की खुशहाली की प्रार्थना की। करीब 50 हजार रुपये की पूजन सामग्री का कारोबार हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद रही। सादात नगर स्थित काली-दुर्गा मंदिर, शीतला माता मंदिर, काली मंदिर शिशुआपार, चंडिका माता मंदिर कटया सहित क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े देवी मंदिरों में दिन भर मातारानी की आराधना होती रही। इसी तरह रेवतीपुर स्थित मां भगवती, करीमुद्दीनपुर स्थित कष्टहरणी भवानी, मुहम्मदाबाद स्थित मनोकामना देवी, अमवा की सती मइया, सैदपुर स्थित मां काली मंदिर, देवकली के चकेरी धाम स्थित दुर्गा मंदिर, टड़वा भवानी, बहादुरगंज स्थित मां चंडी, दिलदारनगर स्टेशन स्थित सायर माता मंदिर में जगतजननी के पूजन-अर्चन की धूम रही। मंदिर परिसर देवी गीतों और आदि शक्ति के जयकारों से दिन भर गूंजते रहे। जखनिया: शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन सिद्धपीठ हथियाराम मठ में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुबह से ही बुढिया मां व सिद्धदात्री मां के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। मत्था टेककर लोगों ने सुख, समृद्धि व शांति की कामना की।