- जारचा कोतवाली पुलिस और जोन के अफसरों को एक और झटका, एक आरोपी पहले भी कर चुका है समर्पण
- तीन आरोपी अभी भी चल रहे है फरार, पुलिस की कार्रवाई से परिजनों में नाराजगी, पुलिस कमिश्नर से नहीं हुई मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। सैंथली गांव में नाली के पानी के विवाद में ताऊ-भतीजा की हत्या करने वाले आरोपी हिस्ट्रीशीटर मनोज नागर ने मंगलवार को गाजियाबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इससे पहले भी मुख्य आरोपी बुलंदशहर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुका है। बताया जा रहा है कि पुलिस एनकाउंटर के डर से शूटर ने भी आत्मसमर्पण किया है। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं लगातार दो आरोपियों के कोर्ट में सरेंडर करने से जारचा कोतवाली के साथ जोन के अफसरों को झटका लगा है। परिजन भी नाखुश है और बुधवार को नोएडा स्थित कार्यालय में पुलिस कमिश्नर से भी मिलने पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
19 अक्तूबर की शाम जारचा थाना क्षेत्र के सैंथली गांव में सीआईएसएफ से सेवानिवृत्त दरोगा अजयपाल सिंह का पड़ोसी प्रिंस भाटी से नाली के पानी को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि प्रिंस ने 20 अक्तूबर को अपने साथियों के साथ अजयपाल सिंह के घर पहुंचा और अजयपाल व उनके भतीजे दीपांशु की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक अजयपाल के भाई ने प्रिंस भाटी, बॉबी तोमर व हिस्ट्रीशीटर मनोज नागर निवासी सादुल्लापुर समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया था। तभी से पुलिस की चार टीमें आरोपियों की तलाश में लगी थी। दो दिन बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन शनिवार को मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी ने बुलंदशहर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इस बीच आरोपी हिस्ट्रीशीटर मनोज नागर ने मंगलवार को गाजियाबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है।
तीन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस : आरोपियों की तलाश में पुलिस का सर्विलांस और मोबाइल ट्रैकिंग सिस्टम अब तक बेअसर रहा है। दो आरोपी सरेंडर कर चुके हैं। जबकि बॉबी, सचिन और जितेंद्र अब भी फरार हैं। बताया जा रहा है कि बॉबी और सचिन करीब एक साल पहले अलीगढ़ में हुई एक अन्य वारदात के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब अलीगढ़ में भी छापेमारी कर रही है। वहीं पीड़ित परिजन बुधवार को नोएडा में पुलिस कमिश्नर से भी मिलने गए थे, लेकिन सीपी के कार्यालय में नहीं होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी।
फरार आरोपियों की तलाश में टीमें सक्रिय : एसीपी अजीत कुमार ने बताया कि, मुख्य शूटर मनोज नागर ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को गाजियाबाद कोर्ट में आत्म समर्पण किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।