फिरोजपुर झिरका। क्षेत्र में मिलावटी पनीर बनाकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीएम फ्लाइंग टीम ने शेखपुर गांव में पनीर, दूध और अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए। मंगलवार को भी टीम ने कई पानी के प्लांटों पर कार्रवाई की थी, इस दौरान पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे थे।
वहीं बुधवार को टीम ने पनीर की भट्ठियों पर छापा मारा। रुजदार, शाहीन, अहमद पनीर भट्टियों पर दूध, पनीर, पनीर बनाने वाले पाउडर के सैंपल लिए। जिला फूड एवं सुरक्षा अधिकारी डॉ. प्रदीप चौधरी ने बताया कि मंगलवार को लिए गए पानी और बुधवार को नकली पनीर बेचने वाली भट्टियों से लिए गए पनीर, दूध के सैंपल जांच के लिए लैब में भेज दिए गए हैं। परिणाम मिलते ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।