आईआईटी रुड़की की टीम अगले सप्ताह दे सकती है रिपोर्ट, फिर होगी गड्ढे की मरम्मत
नोएडा। नोएडा एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-33 के सामने हुए गड्ढे की जांच के लिए आईआईटी रुड़की की टीम ने पांच सैंपल लिए हैं। इनकी रिपोर्ट अगले सप्ताह तक आने की उम्मीद है। प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मरम्मत शुरू होगी। रिपोर्ट से गड्ढा होने के कारण और आसपास के हिस्से की मजबूती का पता चलेगा। मरम्मत के बाद भी मजबूती की जांच के लिए कुछ दिन एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इस मार्ग पर यातायात रोके जाने से आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति रही।
रविवार को सेक्टर-33 के सामने एलिवेटेड रोड पर गड्ढा हो गया था। प्राधिकरण ने इसकी मरम्मत करा दी थी, जिसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो गया था। मंगलवार को उसी जगह फिर बड़ा गड्ढा हो गया। इस बार गड्ढे की गहराई और चौड़ाई अधिक थी। इसके बाद प्राधिकरण ने एहतियात के तौर पर सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया था।
यातायात पर असर, नीचे की सड़क और दूसरे रास्तों पर भी जाम
एलिवेटेड रोड बंद होने के कारण शुक्रवार को भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। सेक्टर-61 की ओर से एलिवेटेड रोड पर चढ़ने वाले रास्ते पर भारी जाम रहा। सेक्टर-33 स्थित सहायक संभागीय परिवहन विभाग के सामने भी यातायात बाधित रहा। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।