- मेरठ मंडल की टीम में हुआ चयन, स्पोर्ट्ज विलेज फाउंडेशन अकादमी में कर रहे अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। फुटबॉल के मैदान पर प्रदेश स्तर पर प्रतिभा दिखाने के लिए नोएडा के सागर और नितिन कुमार तैयारी में जुटे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी मेरठ मंडल की टीम से खेलेंगे। दोनों खिलाड़ी नोएडा के सेक्टर-12/22 के रहने वाले हैं और स्पोर्ट्ज विलेज फाउंडेशन अकादमी में अभ्यास करते हैं।
प्रतियोगिता के लिए गौतमबुद्धनगर में 23 अक्तूबर को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-2 स्थित एस्टर पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय ट्रायल हुआ था। इसके बाद 24 अक्तूबर को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में मंडलीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव वाजिद अली ने बताया कि बेहतर प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाड़ियों का चयन मेरठ मंडल की टीम में हुआ है। दोनों कोच मोहम्मद शाहरुख की देखरेख में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलना अच्छा अनुभव है। नियमित अभ्यास कर कमियां सुधारने और टीम का तालमेल बेहतर बनाने पर ध्यान दे रहा हूं। - सागर कुमार
प्रतियोगिता के लिए फिटनेस, पासिंग और बॉल कंट्रोल पर अभ्यास कर रहे हैं। प्रदेश के बेहतर खिलाड़ियों से मुकाबले के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। - नितिन कुमार
खिलाड़ियों की फिटनेस, स्टेमिना, पासिंग और बॉल कंट्रोल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभ्यास के दौरान खेल की तकनीक के साथ टीम के खिलाड़ियों के बीच तालमेल बेहतर करने पर भी काम किया जा रहा है। - मोहम्मद शाहरुख, कोच