130 मीटर रोड इसी नहर के ऊपर से गुजरती जिसे अब बैरिकेड किया जाना है।
रोजाना गुजरते हैं 50 से 60 हजार वाहन, कोहरा शुरू होने से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट-ग्रेनो लिंक 130 मीटर रोड पर डाढ़ा गांव के पास नहर के किनारे सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण यहां आरसीसी जर्सी बैरियर और चेन लिंक फेंसिंग लगाएगा। इस परियोजना पर करीब 2.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने परियोजना को मंजूरी दे दी है।
डाढ़ा के पास सिंचाई विभाग की कोट एस्केप नहर ग्रेनो वेस्ट-ग्रेनो लिंक रोड के नीचे से गुजरती है। नहर के आसपास आबादी बढ़ने और इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण सुरक्षा इंतजाम जरूरी हो गए हैं। इस सड़क से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, सिरसा और आसपास के सेक्टरों की ओर रोजाना 50 से 60 हजार वाहन गुजरते हैं। इनमें ट्रक, डंपर समेत भारी वाहन और निजी वाहन भी शामिल हैं।
अगले महीने एजेंसी का चयन
प्राधिकरण के ड्रेन विभाग की ओर से इस परियोजना पर काम कराया जाएगा। इसके लिए अगले महीने तक एजेंसी का चयन करने की योजना है। एजेंसी चयन के बाद छह महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्राधिकरण का प्रयास है कि कोहरा शुरू होने से पहले सुरक्षा इंतजाम कर दिए जाएं, ताकि कम दृश्यता के दौरान किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।
2.30 करोड़ रुपये होंगे खर्च
परियोजना के तहत नहर के किनारे आरसीसी जर्सी बैरियर के साथ चेन लिंक फेंसिंग लगाई जाएगी। इससे सड़क से नहर की ओर वाहनों के अनियंत्रित जाने का खतरा कम करने में मदद मिलेगी। प्राधिकरण का उद्देश्य इस व्यस्त मार्ग पर वाहन चालकों की सुरक्षा बढ़ाना है।