मरीज की मौत पर अस्पताल में परिजनों का हंगामा
- फेफड़े खराब होने पर ईएसआईसी से मेट्रो अस्पताल में किया था रेफर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मरीज की मौत होने पर परिजनों ने सोमवार को सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं अस्पताल प्रशासन ने परिजनों पर सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ से मारपीट और तोड़फोड़ की बात कही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
सेक्टर-56 स्थित ईएसआईसी कॉलोनी में रहने वाले धर्मेंद्र प्रसाद (46) को फेफड़ों की बीमारी होने पर 27 फरवरी को ईएसआईसी अस्पताल से रेफर किया गया था। परिजनों का आरोप है कि रविवार सुबह मरीज की हालत स्थिर थी।उसी रात उनका ऑपरेशन कर दिया गया। सोमवार सुबह डॉक्टरों ने मरीज की हालत नाजुक बताते हुए वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया। मरीज से परिजनों की मुलाकात नहीं कराई गई। दोपहर को मौत की जानकारी दी गई। इससे गुस्साए परिजनों हंगामा शुरू कर दिया। व
हीं, अस्पताल की निदेशक डॉ. कनिका कनवर ने बताया कि मरीज को पहले चार फरवरी को ईएसआईसी से रेफर किया गया था। इलाज के बाद उसे वापस ईएसआईसी में ही बुला लिया गया। 27 फरवरी को दोबारा रेफर कर दिया गया। मरीज को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। फेफड़े पूरी तरह खराब हो चुके थे। शुरुआती दिन से ही परिजनों को मरीज की हर अपडेट दी जा रही थी। सोमवार को मौत की जानकारी मिलने पर भीड़ अस्पताल में एकत्रित हो गई। महिला सुरक्षा कर्मियों से भी मारपीट की गई। अस्पताल में तोडफ़ोड़ तक कर डाली। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में भी परिजन मारपीट करते नजर आ रहे हैं।