अब तक 4400 से अधिक आवेदन आए, 700 से अधिक हो चुके हैं निरस्त
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में दाखिले के पहले चरण में अब तक 4,400 आवेदन हुए हैं। 16 फरवरी आवेदन करने का आखिरी दिन है। 2 फरवरी से आवेदन किए जाने हैं। आवेदन आने के साथ साथ विभाग सत्यापन का कार्य भी कर रहा है। अब तक 700 से अधिक आवेदन निरस्त किए जा चुके हैं। दूसरे ग्राम पंचायत में आवेदन करने के कारण इनका आवेदन निरस्त कर दिया गया है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हेल्प डेस्क पर 500 से अधिक फोन आए हैं। जिन अभिभावकों को परेशानी हो रही थी उनकी मदद की गई है। इस वर्ष आरटीई के तहत निजी स्कूलों में करीब 12 हजार सीटें आरक्षित की गई हैं। 1,264 स्कूलों की यूडाइस पोर्टल से मैपिंग की गई है।
पिछले साल की अपेक्षा इस बार करीब चार हजार सीटें कम हो गई हैं। पिछले सत्र में 16,516 सीटें थीं। पहले चरण में 5 हजार से अधिक आवेदन आने की उम्मीद है। आय-प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, अभिभावक का निवास प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र के साथ आवेदन किया जा सकता है। जो अभिभावक पहले चरण में प्रमाण पत्रों के नहीं होने के कारण आवेदन करने से चूक गए हैं। वह दूसरे चरण की प्रकिया में आवेदन कर सकते हैं।
पहला चरण : दो से 16 फरवरी के बीच आवेदन होगा और इसी दौरान बीएसए आवेदन पत्रों का सत्यापन और लॉक करेंगे। 18 फरवरी को लॉटरी निकलेगी और 20 फरवरी को सीट अलॉट होगी।
दूसरा चरण : 21 फरवरी से सात मार्च के बीच आवेदन करना होगा और बीएसए आवेदन पत्रों का सत्यापन और लॉक करेंगे। 9 मार्च को लॉटरी निकलेगी और 11 मार्च को सीट अलॉट होगी।
तीसरा चरण : 12 से 25 मार्च के बीच आवेदन करना होगा और बीएसए आवेदन पत्रों का सत्यापन और लॉक करेंगे। 27 मार्च को लॉटरी निकलेगी और 29 मार्च को सीट अलॉट होगी।
वर्जन
दो से 16 फरवरी तक आरटीई के तहत आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आज पहले चरण का आखिरी दिन होगा। रात 12 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 700 आवेदन गलत होने के कारण अब तक निरस्त किए जा चुके हैं। - राहुल पंवार,बीएसए