भंगेल एलिवेटेड रोड के लिए 42 करोड़ मंजूर
- सेतु निगम ने की थी बकाये की मांग, एलिवेटेड रोड की राह में आई बहुमंजिला इमारत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की ओर से भंगेल एलिवेटेड के लिए 42 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यह पैसे सेतु निगम ने क्लेम किए थे। सेतु निगम ने बकाये की राशि के तौर पर प्राधिकरण से पैसों की मांग की थी, जिसे प्राधिकरण ने मंजूर किया है। दरअसल, सेतु निगम की ओर से प्राधिकरण से बकाये पैसे के भुगतान की मांग की थी। निगम का कहना था कि टेंडर के समय जिस लागत पर सहमति बनी थी। उससे कहीं ज्यादा निर्माण लागत आ रही है।
इस बीच एलिवेटेड के रास्ते में एक नई बाधा सामने आ गई है। प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने बताया कि एलिवेटेड रोड की राह में एक बहुमंजिला इमारत सामने आ रही है। इसके लिए डिजाइन में हल्का परिवर्तन करना होगा। उनका कहना है कि प्राधिकरण की टीम ने इसका दौरा किया है और यहां एक मीटर के पियर में बदलाव करना होगा। हालांकि शुरू में यह कहा जा रहा था कि प्राधिकरण डिजाइन में बदलाव नहीं करेगा बल्कि उक्त इमारत का कुछ हिस्सा तोड़ने पर वार्ता चल रही है। लेकिन अब अंतिम तौर पर डिजाइन में बदलाव पर सहमति बन रही है।
एलिवेटेड रोड का काम जून 2020 से चल रहा है। इसकी अनुमानित निर्माण लागत शुरू में 468 करोड़ आंकी गई थी। छह लेन के एलिवेटेड रोड की लंबाई 4.5 किमी है और यह अगाहपुर से स्पेशल इकोनोमिक जोन तक निर्माणाधीन है।