संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। बरनाला बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप से हथियारबंद लुटेरे हथियार की नोक पर दो लाख रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। थाना कैंट पुलिस को दर्ज करवाए बयान में पटेल नगर निवासी निरंजन लाल गर्ग ने बताया कि वह बरनाला रोड स्थित रिलायंस माल के पास करतार पेट्रोल पंप के संचालक हैं।
पीड़ित ने बताया कि 13 अक्तूबर को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति हथियारों से लैस होकर पेट्रोल पंप पर आए। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान दोनों लुटेरों ने बंदूक दिखाकर उससे नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि बैग में करीब सवा दो लाख रुपये थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी तक पूरे दिन की बिक्री के पैसे जमा नहीं किए थे।
मामले के जांच अधिकारी सहायक थानेदार जगदेव सिंह ने बताया कि पीड़ित निरंजन लाल गर्ग की शिकायत के आधार पर दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस अन्य स्रोतों से भी लुटेरों का पता लगाने में जुटी है। लुटेरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।