अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के आह्वान पर ग्रेटर नोएडा बस अड्डे पर संविदा चालक और परिचालकों ने धरना दिया। कर्मचारी सुबह 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक धरने पर बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। धरने के चलते विभिन्न मार्गों पर रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित रहा। बसों की संख्या कम होने से परी चौक पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को कासना स्थित ग्रेटर नोएडा बस अड्डे पर संविदा चालक और परिचालक एकत्र हुए। कर्मचारियों ने 13 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की। इनमें वर्ष 2005 से नियमित कर्मचारियों की तरह दिन-रात्रि आउट भत्ते का भुगतान शुरू कराने, संविदा कर्मचारियों को सीधे रोडवेज से संबद्ध करने और पारिश्रमिक की दर बढ़ाने की मांग प्रमुख रही।
कर्मचारियों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें 35 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से पारिश्रमिक दिया जाता था। समय-समय पर इसमें बढ़ोतरी हुई है, जो वर्तमान में 2.16 से 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर तक पहुंच गई है। इसके अलावा नियमित कर्मचारियों की तरह निगम की ओर से वर्दी उपलब्ध कराने, ड्यूटी के दौरान हादसे में घायल होने या मृत्यु होने पर चालकों और परिचालकों को उपचार व आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई गई।
अन्य मांगों में पांच पारिवारिक पास जारी करने, साल में 14 दिन का अवकाश देने, अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने और उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से रोडवेज बसों के चालान किए जाने पर उनकी धनराशि का भुगतान निगम स्तर से कराने की मांग शामिल है। कर्मचारियों ने परी चौक पर रोडवेज बसों का संचालन सुनिश्चित कराने की मांग भी रखी।