संतुलन बिगड़ने से गड्ढे में गिरी बस, महिला समेत छह घायल
दादरी। जीटी रोड पर रविवार सुबह तेज गति से जा रही रोडवेज की बस का संतुलन बिगड़ गया। बस सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। बस में सवार एक महिला समेत छह यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि बस दिल्ली से मैनपुरी जा रही थी। खुर्जा डिपो की रोडवेज बस का चालक तीव्र गति से चला रहा था। पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पुल के पास बस का संतुलन अचानक बिगड़ गया। बस गड्ढे में जा गिरी। चालक बस से कूदकर फरार हो गया। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। वहीं, हादसे की वजह से करीब आधे घंटे तक जीटी रोड पर जाम लगा रहा। हादसे में संजना, दक्ष, अंशु (तीनों निवासी कानपुर), यूनुस, राजपाल व कृष्ण कुमार निवासी अलीगढ़ को उपचार के लिए दादरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उपचार के बाद इन्हीं छुट्टी दे दी गई है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।