- मोटर नियमित नहीं चलने से नहीं निकल पा रहा तालाब का पानी, बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
आशीष शर्मा
यमुना सिटी। जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। गांव के तालाब का पानी बाहर नहीं निकल पाने के कारण सड़कों पर कई दिनों से जलभराव बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि गांव की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। इससे ग्रामीणों के साथ ही राहगीरों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
बच्चों की पढ़ाई और लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित :
सड़कों पर पानी भरा होने से सबसे अधिक परेशानी विद्यालय जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार जलभराव के कारण बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच पाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, बुजुर्गों को भी पानी से होकर निकलने में परेशानी होती है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण आसपास गंदगी फैल रही है। इससे मच्छर और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
कम क्षमता की मोटर से नहीं हो रही निकासी :
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब का पानी निकालने के लिए मोटर लगाई गई है, लेकिन उसकी क्षमता कम है। इसके अलावा मोटर नियमित रूप से नहीं चलाई जाती। इस कारण तालाब का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। जलभराव वाले पानी में कई बार सांप और बिच्छू भी दिखाई दिए हैं। इससे बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर लोगों में डर बना हुआ है।
- लंबे समय से जलभराव होने से पानी में कई बार सांप और बिच्छू देखे गए हैं - रितेश
- लोगों के घरों में पानी भर रहा है जिससे परेशानी हो रही है - पिंकी
- विद्यालय जाने वाले बच्चों को सड़क पर भरे पानी में से निकलना पड़ता है - हरेंद्र
- लंबे समय से जलभराव होने से हो रही गंदगी से लोग बीमार पड़ रहे हैं - जीतू
- तालाब में लगाई गई मोटर नियमित नहीं चलने से तालाब का पानी नहीं निकल पा रहा है - राजकुमार
350 शब्दों में कुल खबर