माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर करने के नाम पर विद्युत निगम सड़कों की खोदाई तो करा रहा है, लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें दुरुस्त कराना भूल रहा है। सेक्टर-100, 37, 22, 60, 59 और 73 समेत कई स्थानों पर केबिल बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है। कहीं गड्ढों में मलबा भरकर खानापूर्ति कर दी गई है तो कहीं सड़क की सतह ऊबड़-खाबड़ छोड़ दी। जिस वजह से लोगों को हर दिन परेशानी होती है।
सेक्टर-37 में सड़क धंसने से बृहस्पतिवार को एक निजी स्कूल की बस गड्ढे में फंस गई थी। बस में बच्चे भी सवार थे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यह घटना सड़क की खराब स्थिति और मरम्मत में लापरवाही को दर्शाती है। इससे पहले भी सड़क खोदकर छोड़ने के मामलों में प्राधिकरण की ओर से विद्युत निगम पर जुर्माना लगाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार ने बताया जहां पर भी काम की वजह से सड़क प्रभावित हुई है उसे दुरुस्त कराया जाएगा।
मलबा भरकर कर रहे खानापूर्ति : केबिल बिछाने के लिए सड़क की खोदाई करने के बाद गड्ढों को मलबे से भर दिया जा रहा है। इसके बाद सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जाता। कुछ समय बाद मिट्टी-मलबा बैठने से दोबारा गड्ढे बन रहे हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं, अन्य वाहनों को भी झटके लगते हैं। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।