- यमुना प्राधिकरण को चार हेक्टेयर जमीन की जरूरत, खरीद की प्रक्रिया होनी है शुरू
- यमुना नदी पर बनने वाले पुल से किया जाएगा सीधे लिंक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। मथुरा में बांके बिहारी काॅरीडोर से हेरीटेज सिटी को सीधे जोड़ने की योजना पर यमुना प्राधिकरण काम करेगा। इसके साथ ही 17.5 हेक्टेयर में पिलग्रिम गेटवे व पार्किंग बनेगा। यह सड़क यमुना नदी पर प्रस्तावित नए पुल को जोड़ेगी। इसके लिए अलग से चार हेक्टेयर जमीन की खरीद की जानी है।
यमुना प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत आवासीय व व्यावसायिक प्रोजेक्ट के अलावा कन्वेंशन सेंटर भी बनाए जाने हैं। नेशनल हाइवे के समानांतर करीब 15 किमी में यह हेरीटेज सिटी विकसित होगी जो राया अर्बन सेंटर एक का भाग है।
अधिकारियों के मुताबिक पिलग्रिम गेटवे और सड़क निर्माण के लिए मथुरा प्रशासन से जरूरी सहमति बन गई है। अब यहां जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यहां हुए अवैध निर्माण भी तोड़ने का काम प्राधिकरण करेगा। पिछले दिनों खुद अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने इस जगह का निरीक्षण कर काम तेज करने के लिए अधिकारियों को कहा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक हेरीटेज सिटी भी है। यहां के लिए यमुना एक्सप्रेसवे से राया कट होते हुए सीधी कनेक्टिविटी भी दी जानी है।