नोएडा। सेक्टर-73 में वाणिज्यिक प्लॉट पर मॉल निर्माण के लिए डबल बेसमेंट की खोदाई और निर्माण में एक बार फिर रविवार को प्राधिकरण का नाला ढह गया। इसके साथ ही सड़क भी धंस गई। बड़े हिस्से की मिट्टी धंसने से ऐसा हुआ है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन चालक सर्विस रोड से नहीं गुजर रहा था। इसके पहले 18 अप्रैल को भी ऐसा हुआ था। बड़े हिस्से का नाला ढहा था और सर्विस रोड धंस गई थी। तब प्राधिकरण के वर्क सर्कल-6 की टीम ने मौके पर पहुंच कर सुधार कराने का दावा किया था।
प्राधिकरण के जीएम एके अरोड़ा ने बताया कि सूचना पर मौके पर टीम भेजी गई। जहां की मिट्टी धंसी थी वहां पर आरसीसी का मिश्रण तत्काल भरवाया गया। बैरिकेडिंग, सुरक्षा उपाय व नाला निर्माण बिल्डर से ही करवाने के निर्देश दिए गए हैं। ब्यूरो