ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित सेक्टर दो में बारिश के बाद सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। निवासियों का आरोप है कि सड़क से निकलना भी संभव नहीं हो पा रहा है। सेक्टर के डी ब्लाक के 1 से 96 तक जाने वाली सड़क पर लोगों को चलने के लिए जूतों को उताराना पड़ रहा है। निवासियों ने बताया कि सड़कों पर पानी भरा होने के कारण कई लोग गड्डों में भी गिरे हैं। मुख्य सड़क से लेकर सेक्टर की आंतरिक सड़क पर केवल पानी और कीचड़ ही दिखाई दे रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों का बाहर निकलना बंद हो गया है। निवासियों का कहना है कि कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से मामले की शिकायत की गई लेकिन कोई भी सुनने वाला नहीं है। बच्चों को स्कूल बस से आने में भी परेशानी हो रही है। उनकी ड्रेस तक खराब हो जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर सड़क बनवाने की मांग की है। ब्यूरो