ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
तावडू। राष्ट्रीय राजमार्ग 919 तावडू-रिवाड़ी रोड पर गांव डिढारा के निकट ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है और मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
इस्लाम पुत्र नूर मोहम्मद निवासी गांव शिकारपुर थाना तावडू ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम वह अपने बड़े भाई मुबारिक (26) के साथ बाइक से धारूहेड़ा से अपने घर शिकारपुर आ रहा था। करीब 5 बजे जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग 919 तावडू-रिवाड़ी रोड पर गांव डीढारा के पास पहुंचे तो मुबारिक का एक परिचित मिल गया। परिचित से बातचीत करने के बाद जब मुबारिक बाइक पर बैठने लगा तो उसी दौरान तेज और लापरवाह तरीके से आ रहे ट्रक चालक ने मुबारिक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में मुबारिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए नलहड़ अस्पताल नूंह ले जाया गया जहां पर गंभीर चोट के चलते मुबारिक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।