दनकौर। बिलासपुर कस्बे के पास सिकंदराबाद रोड पर रविवार देर रात हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा खेरली नहर की ओर से दनकौर कस्बे की तरफ आते वक्त हुआ। सिकंदराबाद रोड पर कार के आगे एक कैंटर गाड़ी चल रही थी। अचानक कैंटर चालक ने ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे आ रही कार तेज रफ्तार में जाकर उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे से परखच्चे उड़ गए और उसमें एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बुलंदशहर जिले के निवासी हैं। वह एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। संवाद