-ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, ट्रक खड़ा कर ढाबे पर खाना खाने चला गया चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) के किनारे खड़े ट्रक से मंगलवार रात पीछे से आ रहा कंटेनर वाहन टकरा गया। हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने तीनों घायलों को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान देर रात कंटेनर वाहन के हेल्पर की मौत हो गई। हादसे में घायल दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
राजस्थान के अलवर निवासी सलीम मंगलवार रात एक कंपनी का सामान छोड़कर मेरठ से हरियाणा की ओर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से जा रहा था। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर वह खाना खाने के लिए ट्रक को एक्सप्रेसवे पर खड़ा करके उतर रहा था। इस दौरान मेरठ से पलवल की ओर जा रहा कंटेनर वाहन खड़े ट्रक से टकरा गया। घटना में कंटेनर चालक रोहित, हेल्पर राजू निवासी मध्यप्रदेश और ट्रक का चालक सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार रात को कंटेनर वाहन के हेल्पर राजू की मौत हो गई। कंटेनर में सेब भरे हुए थे। दोनों श्रीनगर से मध्य प्रदेश के शिवपुरी के लिए ले जा रहे थे। कैंटर और ट्रक में सवार 2 अन्य लोगों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। कोतवाल प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि राजू के परिजन की शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज किया जाएगा।