-डिजायर कैब में सवार यात्री और चालक घायल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेक्टर-148 के पास रविवार रात एक ऑल्टो और डिजायर कार की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑल्टो कार चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं डिजायर कैब के चालक और उसमें सवार एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए नॉलेज पार्क स्थित शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-151 ग्रेटर नोएडा निवासी मुकेश सिंह रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी ऑल्टो कार में सवार होकर परी चौक से सेक्टर-148 की ओर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से घर जा रहे थे। सेक्टर-148 के समीप सर्विस रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार डिजायर कार से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ऑल्टो कार सवार मुकेश, कैब सवार सुमित कुमार गुप्ता निवासी पूर्वांचल रॉयल सिटी व कैब चालक घायल हो गए। स्थानीय लोगों से मिली सूचना पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को किसी तरह कार से बाहर निकालकर तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने मुकेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। डिजायर कार का एयरबैग खुलने के कारण चालक को हल्की चोटें आई हैं। जबकि कार में सवार यात्री सुमित कुमार गुप्ता को गंभीर चोट लगी है। हादसे की पुलिस से मिली जानकारी पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
ऑल्टो कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त
हादसे के बाद दोनों कारों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे कराकर यातायात सामान्य कराया गया है। पुलिस का कहना है कि इस टक्कर के बाद ऑल्टो कार का एयरबैग नहीं खुल पाया। जबकि डिजायर का एयरबैग खुलने से चालक की जान बची है। मामले में परिजन की ओर से शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और असावधानी बताया गया है। पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिससे हादसे के वास्तविक कारण का पता चल सके। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में ऑल्टो कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। डिजायर कार भी क्षतिग्रस्त हुई है।