माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-1 कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को पीड़ित के पिता ने कार चालक के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
बलिया निवासी आशीष रंजन श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र दिव्यांशु ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 क्षेत्र में रहता है। वह नोएडा सेक्टर-161 स्थित माइंड फोर्स कंपनी में काम करता है। बीते गुरुवार को पुत्र ने अपने घर से ऑफिस जाने के लिए उबर बाइक सेवा बुक की थी। बाइक चालक गौरव उसे लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा था। जब बाइक सेक्टर-146 के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि कार चालक नशे में था। हादसे के दौरान दिव्यांशु का हेलमेट सिर से निकल गया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।