तेज रफ्तार कार की टक्कर से कंपनी कर्मचारी की मौत
-फेज-2 में दादरी रोड पर कचहरी कट के पास हुआ हादसा, ऑटो का इंतजार कर रहा था कंपनी कर्मचारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेज-2 में दादरी रोड पर शाम को घर वापसी के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे दो कंपनी कर्मचारियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसमें एक कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल है जिसका इलाज चल रहा है। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने फेज-2 थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दी गई शिकायत में प्रयागराज के करछना निवासी आशीष कुमार ने बताया कि उनका चचेरा भाई गणेश शंकर ओझा नया गांव में किराये का कमरा लेकर रहता है। वह थानाक्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम करता है। 29 मार्च की रात 12 बजे के करीब रोज की तरह काम समाप्त करने के बाद गणेश अपने दोस्त दीपक के साथ नया गांव जा रहा था। दोनों दादरी मुख्य मार्ग पर कचहरी कट के पास ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान भंगेल की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने आशीष और दीपक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दूर जाकर गिरे। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया । उपचार के दौरान गणेश शंकर ओझा की मौत हो गई। दीपक का उपचार चल रहा है। शिकायतकर्ता ने टक्कर मारने वाली कार का नंबर भी पुलिस को बताया है। थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही हैं।