कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, बेटा व ससुर घायल
- सेक्टर-35 के पास हुआ हादसा, मुकदमा दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-35 के पास तेज रफ्तार कार चालक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई और बेटे व ससुर घायल हो गए। मंगलवार सुबह हुए इस हादसे के बाद महिला कार चालक फरार हो गई। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खोड़ा कॉलोनी निवासी चंदन सिंह ने पुलिस से शिकायत की है कि मंगलवार सुबह वह अपनी पुत्रवधू दिव्या व दो साल के पोते जियांश को लेकर स्कूटी से जा रहे थे। जब वह प्रकाश अस्पताल स्थित अंडरपास के पास पहुंचे तब महिला कार चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों लोग सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। दिव्या के मुंह से खून बहने लगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से तीनों को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान दिव्या की मौत हो गई। वहीं बच्चे का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है। एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और महिला कार चालक की पहचान की जा रही है।