परागपुर (कांगड़ा) । परागपुर क्षेत्र के निवासियों में बढ़ती प्रवासी आबादी और उनके पंजीकरण न होने को लेकर गहरा रोष है। स्थानीय निवासी शिवम, संजय, पवन, राहुल, अमित, अजय, कृष्ण गोपाल, संजीव वर्मा, अजय, दीपक और रणधीर आदि ने कहा बिना पहचान, बिना रिकॉर्ड के प्रवासी अपराधी बन सकता है। बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे इन लोगों से चोरी, डकैती या अन्य आपराधिक वारदातों की संभावना लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक को तुरंत निर्देश दिए जाएं कि परागपुर क्षेत्र में रह रहे सभी प्रवासियों का पूरा डेटा एकत्रित किया जाए और उनका मूल राज्य से आपराधिक सत्यापन करवाया जाए। उधर, डीएसपी देहरा सुमाइला चौधरी ने बताया कि ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने सभी श्रमिकों का पुलिस थाने में वेरिफिकेशन करवाएं। साथ ही पंचायतें भी इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान समय रहते की जा सके।