सेक्टर-25 की रहने वाली 11 वर्षीय शुभलक्ष्मी बल कराटे में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल नोएडा की कक्षा सातवीं की छात्रा शुभलक्ष्मी पिछले छह वर्षों से कराटे का अभ्यास कर रही हैं। वह सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम की एके मार्शल आर्ट अकादमी में कोच अफजल खान के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीख रही हैं। शुभलक्ष्मी रोजाना करीब चार घंटे अभ्यास करती हैं। वर्ष 2026 में मेरठ में आयोजित ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप के एलीट कप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले 2025 में नॉर्थ वेस्ट इंडिया कराटे चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। अब तक वह 15 स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक जीत चुकी हैं। शुभलक्ष्मी के पिता सुशांत कुमार बल बताते हैं कि बेटी की रुचि बचपन से ही कराटे में रही है। वह लगातार मेहनत कर रही है और उसकी सफलता से पूरा परिवार उत्साहित है। मां पुष्पा ने बताया कि जब शुभलक्ष्मी पदक जीतकर घर लौटती है तो परिवार के लिए वह गर्व का पल होता है। कोच अफजल खान ने बताया कि शुभलक्ष्मी मेहनती और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। शुभलक्ष्मी का सपना है कि वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर नोएडा का नाम रोशन करें।