फोटो
सेक्टर-75 निवासी 13 वर्षीय अन्नया बॉक्सिंग में लगातार शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बना रही हैं। सेक्टर-19 स्थित मारीगोल्ड पब्लिक स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा अन्नया पिछले दो वर्षों से बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। वह सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम की शहीद भगत सिंह अकादमी में कोच प्रीतम के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं। अन्नया ने हाल ही में आयोजित सीबीएसई जोनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपने वर्ग में रजत पदक हासिल किया। इससे पहले जनवरी 2026 में आयोजित बीएसवी बॉक्सिंग डुअल कप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। फरवरी 2025 में हुए बॉक्सिंग टूर्नामेंट और वर्ष 2024 में आयोजित डुअल मैच बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भी अन्नया ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। अन्नया के पिता सूर्यप्रकाश ने बताया कि बेटी को शुरू से ही खेलों में काफी रुचि थी। बॉक्सिंग में उसकी दिलचस्पी देखकर अकादमी में दाखिला कराया गया। मां अनिता शर्मा ने बताया कि वह बेटी को नियमित रूप से अकादमी लेकर जाती हैं, ताकि उसके अभ्यास में किसी तरह की कमी न रहे। कोच प्रीतम ने बताया कि अन्नया प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और लगातार अपने खेल में सुधार कर रही हैं। वह मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास करती हैं। अन्नया का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है।