कस्बा स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड में सोमवार को डीएपी खाद के वितरण के दौरान कर्मचारी और किसानों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि खाद वितरण की मांग कर रहे किसानों के साथ समिति के एक कर्मचारी ने अभद्रता कर दी।
सूचना पर गांव गोपालपुर निवासी किसान दुष्यंत पाल सिंह समिति पर पहुंच गए। उनकी कर्मचारी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि कर्मचारी ने गाली-गलौज कर किसान को धक्का देकर बाहर कर दिया और मारपीट भी की। दुष्यंतपाल ने कोतवाली में तहरीर दी है।
उधर, कर्मचारी मोनू यादव का कहना है कि समिति पर अचानक बड़ी संख्या में किसान खाद की मांग करने लगे। जब उन्हें बताया गया कि पहले सदस्यों के चयन की प्रक्रिया चल रही है, तभी कुछ किसान जबरन शेयर निकालने की बात कहने लगे। विरोध करने पर किसानों ने ही उनके साथ मारपीट की। मोनू यादव ने भी किसान दुष्यंतपाल सहित कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (भानु) के पदाधिकारी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ गिरीश गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।