पुन्हाना। पुन्हाना की अपराध शाखा पुलिस ने सोमवार रात को जुरहेड़ा रोड से एक लाख रुपये का इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने इनाम रखा था। आरोपी की पहचान पलवल जिले के गांव गुराक्सर निवासी नूर मोहम्मद के रूप में हुई। आरोपी के पास से एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपी नूर मोहम्मद के खिलाफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुन्हाना के डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि सोमवार रात को सीआईए पुन्हाना प्रभारी निरीक्षक तरुण दहिया के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को जुरहेड़ा रोड से एक तमंचा और एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में मुकदमें दर्ज हैं, जिनमें वह फरार चल रहा था। शमशेर सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपी ने वर्ष 2012 में उत्तर प्रदेश के जिला चंदौली स्थित अलीनगर में एक स्कॉर्पियो, एक लाख की नकदी और आभूषणों की लूट की वारदात की थी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि आरोपी की सूचना संबंधित थानों में दे दी गई है।