15 साल से फरार 3 हजार का इनामी गिरफ्तार
पिनगवां। लूट, चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास सहित करीब तीन दर्जन वारदात में शामिल रहे 3 हजार के इनामी बदमाश शमशेर निवासी गुराकशर जिला पलवल को पुन्हाना अपराध शाखा पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 15 साल से फरार चल रहा था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध जांच शाखा पुन्हाना के प्रभारी तरुण के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्तचर की सूचना पर बस स्टैंड सिंगार पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना नगर जिला भरतपुर (राजस्थान) में दर्ज डकैती के मुकदमे में उस पर तीन हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ पुलिस थाना मालवीय नगर, बंसत कुंज, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, पहाड़गंज, अंबेडकर नगर दिल्ली के अलावा थाना गुरुग्राम, ओल्ड फरीदाबाद, कोतवाली फरीदाबाद, हरमड़ा जयपुर, थाना हथीन, होडल, हसनपुर जिला पलवल व जिला नूंह के अलग-अलग थानों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि थाना बिछौर में अवैध हथियार रखने के जुर्म में मुकदमा दर्ज आरोपी शमशेर से पूछताछ की गई। सभी संबंधित जिलों की पुलिस को सूचित कर दिया गया है।