अक्तूबर में शुरू हुई योजना से 213 खातों में वापस कराए पैसे
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने आपकी पूंजी-आपका अधिकार अभियान के तहत दावा न की गई वित्तीय संपत्तियों को उनके वारिसों तक पहुंचाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। अक्तूबर से अब तक 213 खातों में कुल 1.35 करोड़ रुपये लौटाए जा चुके हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सूरजपुर स्थित विकास भवन में जागरूकता शिविर आयोजित हुआ।
लीड बैंक मैनेजर राजेश सिंह कटारिया ने बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा चार अक्तूबर 2025 को शुरू की गई इस परियोजना के अंतर्गत जिले में लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा सेक्टर-125 स्थित अमीताशा फाउंडेशन और नोएडा की नंदनी मिश्रा के पैसे भी वापस कराए गए हैं।
शिविर में मुख्य अतिथि श्रीचंद शर्मा, आरबीआई के एलडीओ जसजीत सिंह कालरा, और केनरा बैंक के सहायक प्रबंधक केएनएसजीवी प्रसाद मौजूद रहे। अधिकारियों ने दावा प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और उद्गम पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी, जिसके जरिये नागरिक अपनी दावा योग्य वित्तीय संपत्तियों की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं।