नोएडा। मेट्रो कोच के अंदर रेस्तरां में बैठकर खाने का लुत्फ उठाया जा सकेगा। नोएडा मेट्रो रेल निगम (एनएमआरसी) एक्वा लाइन के सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन पर यह व्यवस्था करने जा रहा है। यहां मेट्रो के कोच में रेस्तरां बनाया जाएगा। इस रेेस्तरां में बैठने की व्यवस्था मेट्रो कोच की तरह होगी। साथ ही, दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर एक्वा लाइन पर एक म्यूजियम भी बनाएगा।
खानपान के शौकीनों को नया अनुभव देने के लिए सेक्टर-137 में 300 वर्गमीटर जगह आरक्षित की गई है जहां मेट्रो डिपो से एक कोच लाकर खड़ा किया जाएगा। इस कोच में विकसित होने वाले रेस्तरां में कम से कम 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसमें बैठने पर ऐसा लगेगा कि आप मेट्रो कोच में बैठकर खान-पान का लुत्फ उठा रहे हैं। कोच में वेटर भी होंगे जो खाना परोसेंगे। यहां भी कार्ड और टोकन सिस्टम से पैमेंट की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर मेट्रो म्यूजियम बनेगा जिसमें मेट्रो का सफरनामा देखा जा सकेगा। इसे 200 से 250 वर्गमीटर में बनाया जाएगा। इसमें तस्वीरों के माध्यम से एनएमआरसी का इतिहास दिखाया जाएगा। नोएडा मेट्रो की शुरूआत से लेकर अब तक के सफर की पूरी जानकारी होगी। यही नहीं दुनिया भर की मेट्रो परियोजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी। एनएमआरसी ने म्यूजियम का डिजाइन बनाने के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल आमंत्रित किया है। इच्छुक एजेंसी को एनएमआरसी में आवेदन करना होगा। आवेदनों की जांच के बाद पता चलेगा कि कौन सी एजेंसी चयनित हुई है।