अकबरपुर नगर पालिका में कार्यक्रम के दौरान मौजूद छात्र व छात्राएं व अन्य।
अंबेडकरनगर। जिले भर में बृहस्पतिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान दोनों महापुरुषों को याद किया गया। डीएम अनुपम शुक्ला ने अपने आवासीय परिसर में तिरंगा फहराया। गांधी आश्रम पहुंचकर डीएम ने चरखे से सूत कातकर स्वावलंबन व आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया। एसपी अभिजित आर शंकर ने पुलिस लाइन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के चित्र माल्यार्पण किया।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। आलापुर संवाद के अनुसार तहसील में एसडीएम सुभाष सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव, महामंत्री नरेंद्र यादव, पूर्व अध्यक्ष अशोक मिश्रा समेत अधिवक्ता लेखपाल व कर्मचारी मौजूद रहे। सर्वोदय स्नातकोत्तर महाविद्यालय शाहपुर औरॉव में विधायक त्रिभुवन दत्त ने महापुरुषों के चित्र माल्यार्पण किया। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव और सभी संकाय सदस्यों ने महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानाचार्य ने कहा कि गांधी के जीवन से प्रेरणा हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। हमे गरीबों के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए।