सेक्टर सिग्मा-1 में पेड़ काटे जाने से निवासियों में नाराजगी
ग्रेटर नोएडा संवाद। सेक्टर सिग्मा-1 में पुराने पेड़ को अवैध तरीके से काटे जाने से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनींद्र आर्य ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह जब वह घर से बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि सेक्टर में लगा एक पुराना पेड़ कटा हुआ पड़ा है। उन्होंने कहा कि यह पेड़ काफी समय से वहां मौजूद था और क्षेत्र की हरियाली का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि बुधवार देर रात किसी ने छुपकर पेड़ को काट दिया है। बिना अनुमति के इस तरह पेड़ काटना गलत है और इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने वन विभाग से मामले की जांच कर जल्द से जल्द उन लोगों की पहचान करने और कार्रवाई करने की मांग की है, जिन्होंने अवैध रूप से पेड़ काटा है।