- किसी के हताहत होने की सूचना नहीं पांच दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के टेकजोन-4 स्थित गोल्डन आई कामर्शियल बिल्डिंग में बने कार्यालय में गुरुवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना के वक्त ऑफिस बंद था। इस कारण कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग के अनुसार मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। ऊंची मंजिल पर आग लगने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में विशेष सावधानी बरती गई। फायर विभाग की टीम ने आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कार्रवाई जारी रखी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद भवन में मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।