- ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियों में फूटा निवासियों और सफाई कर्मचारियों का गुस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटियों के निवासियों ने रविवार को बिल्डर और मेंटेनेंस प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस शुल्क वसूलने के बावजूद सोसाटियों में सुविधाएं न के बराबर हैं। लिफ्ट से लेकर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति बदहाल है।रविवार को तेज धूप में सड़क पर उतरे निवासियों ने सोसाइटी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। खरीदार और निवासी कहीं रजिस्ट्री कराने, कहीं कब्जा दिलाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, प्रदर्शन जारी रहेगा।
छह माह में दूसरी बार मेंटेनेंस बढ़ने पर निवासियों का फूटा गुस्सा
ओमिक्रोन-1 स्थित सुपरटेक सी-जार के निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क में दूसरी बार वृद्धि पर विरोध जताया। रविवार को एकजुट हुए निवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस एजेंसी ने छह माह पहले ही शुल्क में 65 पैसे प्रति वर्गफीट की वृद्धि की थी। एओए अध्यक्ष संजीव चौधरी ने बताया कि पुरानी वृद्धि का ब्यौरा दिए बिना ही मेंटेनेंस एजेंसी ने 10 मई से 80 पैसे प्रति वर्गफीट की बढ़ोतरी कर दी। एओए का आरोप है कि बिना नोटिस दिए मेंटेनेंस चार्ज बढ़ा दिया गया। वहीं निवासियों ने सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया है। निवासी नितिन ने बताया कि सोसाइटी की लंबे समय से लिफ्ट से जुड़ी समस्या बनी हुई है। खराब कॉमन एरिया, टावर पेंटिंग, लचर सिक्योरिटी और बेसमेंट लीकेज की समस्याएं जैसी की तैसी ही हैं l आरोप है कि मेंटेनेंस एजेंसी ने एनपीसीएल का बिजली बिल और पानी का बिल भी नहीं चुकाया है। वहीं मेंटेनेंस प्रभारी अजय भाटी ने बताया कि कैमरे लगाने के लिए शुल्क बढ़ाया गया है। सोसाइटी में बैचलर्स आए दिन तोड़फोड़ करते हैं। इसकी शिकायत पुलिस से की गई है। निवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सारे आरोप निराधार हैं।
मॉल में अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित उफेरिया मॉल में रविवार को उफेरिया बायर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में दुकानदारों के साथ अन्य प्रभावित लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिल्डर पर अवैध वसूली, खराब मेंटेनेंस व्यवस्था, पानी-बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस एनओसी के नाम पर उगाही की जा रही है। आरोप है कि मॉल में पर्याप्त साफ-सफाई, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इससे व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मॉल परिसर में खुले शराब के ठेकों के कारण सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन किया जाता है। उफेरिया बायर्स एसोसिएशन ने अधिकारियों से समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
ऐस डिविनो में वेतन नहीं बढ़ाने पर हड़ताल पर रहे सफाईकर्मी
ग्रेनो वेस्ट की ऐस डिविनो सोसाइटी में सफाईकर्मियों ने रविवार को अचानक हड़ताल कर दी। जिससे सोसाइटी की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सफाईकर्मियों का आरोप है कि उन्हें तय मानकों के अनुसार वेतन नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने और भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की मांग की है। सोसाइटी के निवासियों ने भी इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वे पहले ही लगभग 4 रुपये प्रति वर्गफुट के हिसाब से मेंटेनेंस शुल्क दे रहे हैं इसके बावजूद बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं एओए पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा घोषित संशोधित सैलरी पहले ही अनुमोदित कर दी गई है। इस संबंध में सीबीआरई एजेंसी को भी औपचारिक रूप से सूचित किया जा चुका है। सोसाइटी में कोई हड़ताल नहीं हुई है। कर्मचारियों का एकत्र होना नियमित बैठक का हिस्सा था। हड़ताल या कार्य बाधित होने संबंधी जो भी सूचनाएं निराधार हैं।
खराब सुविधाओं के बीच निवासियों का हंगामा
ग्रेनो वेस्ट स्थित आइरिश पर्ल्स सोसाइटी में निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क में मनमाने तरीके से वृद्धि और खराब मेंटेनेंस सेवाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में सुविधाएं नहीं मिल रही। निवासियों ने सेक्टर-10 स्थित कार्यालय पर अपनी आवाज उठाई। निवासियों ने बताया कि वह लंबे समय से खराब मेंटेनेंस सेवाओं, तकनीकी स्टाफ की कमी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि बिल्डर प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से बढ़े हुए मेंटेनेंस शुल्क संबंधी नोटिस को वापस लेने का निर्णय लिया और दोबारा ईमेल जारी कर इसकी पुष्टि की। साथ ही बिल्डर की ओर से यह आश्वासन भी दिया गया कि मेंटेनेंस टीम में कुशल एवं तकनीकी स्टाफ की भर्ती की जाएगी तथा सोसाइटी की सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित स्टेलर माई सिटीहोम्स सोसाइटी के बाहर अपनी मांगो को लेकर प्रदर्शन करते
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित स्टेलर माई सिटीहोम्स सोसाइटी के बाहर अपनी मांगो को लेकर प्रदर्शन करते
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित स्टेलर माई सिटीहोम्स सोसाइटी के बाहर अपनी मांगो को लेकर प्रदर्शन करते