-सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी का मामला, प्रवेश वर्जित लिखने पर दूसरे पक्ष ने फाड़े बैनर
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। यमुना सिटी के सेक्टर 17ए में स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी में अवैध हॉस्टल और पीजी संचालन से परेशान निवासियों का गुस्सा रविवार देर रात फूट पड़ा। सोसाइटी और मेंटेनेंस ऑफिस के लोगों ने एकजुट होकर मुख्य गेट पर हॉस्टल और पीजी में प्रवेश वर्जित है.. लिखे बैनर लगा दिए। कुछ ही देर बाद हॉस्टल चलाने वाले लोगों ने बैनर फाड़ दिए और विरोध कर रहे निवासियों को धमकियां भी दीं। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हंगामा भी हुआ। मामला बढ़ता देख सोसाइटी के लोग देर रात दनकौर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी निवासी प्रशांत श्रीवास्तव का आरोप है कि सोसाइटी में पिछले कुछ माह से चल रहे अवैध पीजी और हॉस्टल के कारण आए दिन झगड़े, शोर-शराबा और सुरक्षा संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। जिसके कारण यहां रात के वक्त बाहरी लोग भी आकर अभद्रता करते हैं। जो रात के वक्त वाहनों का हूटर बजाते है। कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। सोसायटी के लोग अपने परिवार के साथ असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पीजी में रहने वाले कई लोग संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन खामोश हैं। सोमवार को उन्होंने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर शिकायत की है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।