- बारिश होते ही समस्या हो जाती है गंभीर, बदबू, जलभराव और प्रदूषण से जूझ रहे निवासी
- नोएडा प्राधिकरण से नाले की सफाई की मांग कई बार कर चुके मांग, नहीं हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। मानसून की पहली अच्छी बारिश के साथ ही सेक्टर-50 स्थित कोंडली नाले की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आ गई है। नाले में जमा कूड़ा और गंदगी के कारण बारिश का पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। आसपास के अपार्टमेंट और सोसाइटियों के लोगों को बदबू, जलभराव और प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। एंबिएंस सोसाइटी, शुभकामना अपार्टमेंट, स्टेलर किंग्स कोर्ट महागुन मेस्ट्रो समेत आसपास की कई सोसाइटियों के निवासी लंबे समय से नोएडा प्राधिकरण से नाले की सफाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद नाले में कचरा फंसने से पानी का बहाव रुक गया। निवासियों का कहना है कि बदबू के कारण घरों में खिड़कियां खोलना भी कठिन हो गया है। नाले से निकलने वाली नमी और प्रदूषित हवा का असर एयर कंडीशनर की बाहरी यूनिट और अन्य धातु के उपकरणों पर भी पड़ रहा है। करीब 17.1 किलोमीटर लंबा कोंडली नाला सेक्टर-11, 12, 22, 50 और 92 से होकर गुजरते हुए सेक्टर-168 के पास यमुना नदी में मिलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले आठ वर्षों से नाले की सफाई और प्रबंधन की योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित हैं। नाले के ऊपर पुल भी है जिससे लोग आते जाते हैं, इसको पूरी तरह खोल रखा है जिससे गंदगी देखी जाती है।
बारिश होते ही नाले का सारा कचरा ऊपर आ जाता है और इतनी तेज बदबू फैलती है कि खिड़कियां बंद रखनी पड़ती हैं। - महीम कपूरस, एंबिएंस सोसाइटी
हमारे सोसाइटी में करीब 182 फ्लैट हैं। सोसाइटी के ठीक बाहर दा नाला है। जिसे कभी साफ तक नहीं किया जाता। -राजीव सिंह, महागुन मेस्ट्रो सोसाइटी
कोंडली नाले के रखरखाव को लेकर विभागों के बीच समन्वय की कमी सबसे बड़ी समस्या है। -राजीव सिंह, नोफा पूर्व अध्यक्ष
-