-प्रदेश के उच्चाधिकारियों से लेकर डीएम व डिप्टी रजिस्ट्रार से की शिकायत
-रजिस्ट्री में अधूरी परियोजना बन रही बाधा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गार्डेनिया ग्लोरी सोसाइटी के निवासी बिल्डर की ओर से मिलने वाले बार-बार के आश्वासन से परेशान हैं। ऐसे में पूरी सोसाइटी की आवाज उठाते हुए एओए ने प्रदेश स्तर के अधिकारियों से लेकर डीएम व डिप्टी रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर शिकायत की है।
सेक्टर-46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी सोसाइटी के एओए महासचिव पुनीत कुमार धनखड़ ने बताया कि 2014 से लोगों ने सोसाइटी में रहना शुरू किया था। करीब 1570 फ्लैट हैं, जिनमें से 1470 फ्लैट में लोग रह रहे हैं। करीब 850 करोड़ रूपये बकाया होने के कारण प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए 100 फ्लैट वाला एक टॉवर सील कर दिया था। उनका कहना है कि बिल्डर ने परियोजना को अभी तक पूरा नहीं किया है। इसमें से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी), बेसमेंट में कंक्रीट नहीं बिछा, सी ब्लॉक में प्रवेश द्वार है लेकिन निकास द्वार नहीं बना है। ज्वाइंट एक्सपेंशन का काम अधूरा है। रेंट पर लेकर जनरेटर दिए है, जो कि सरकारी नियमों के विरुद्ध है। बिल्डिंग से प्लास्टर झड़ रहा है। उनका कहना है वह लगातार प्राधिकरण से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है।
न बेच पा रहे फ्लैट न रहने लायक बचे
एओए का कहना है कि कई सुविधाएं अभी तक निवासियों को नहीं मिली है। इसके अलावा रजिस्ट्रियां न होने के कारण वह अपने प्लाट न तो बेच पा रहे हैं और न ही असुविधाओं के चलते रह पा रहे हैं।
रजिस्ट्री को लेकर डीएम व डिप्टी रजिस्ट्रार को लेटर लिखा है। -पुनीत कुमार धनखड़, महासचिव एओए
परियोजना अधूरी होने के चलते रजिस्ट्री भी रुकी हुई है। -राकेश कुमार जैन, एओए सह-सचिव
हम अपने फ्लैट खरीदकर फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं। - अरुण शर्मा, निवासी
2014 से सुविधाओं का इंतजार है लेकिन बदलाव नहीं हो रहा। -सुशील कुमार अग्रवाल, निवासी