फोटो-
नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर की अतिक्रमण हटाने की मांग
नोएडा। सोसाइटियों के पास तेजी से बढ़ते अतिक्रमण के चलते निवासी काफी परेशान हैं। कहीं सेक्टरों के बाउंड्रीवॉल से सटाकर पक्के निर्माण जारी हैं, तो कहीं सर्विस लेन घेर लेने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। सेक्टर-74 सुपरटेक केप्टाउन निवासी वीके गुप्ता ने बताया कि उनकी सोसाइटी के गेट नंबर एक व दो की तरफ से गुजरने वाली सर्विस लेन पर अतिक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि अनाधिकृत रूप से वेंडर यहां अपनी दुकान लगाते हैं। अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े रहते हैं, जिसके चलते शाम होते ही अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी तरह सेक्टर- 99 निवासी केएस शर्मा ने बताया कि ग्रीन व्यू अपार्टमेंट की बाउंड्रीवॉल से सटाकर तेजी से अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पिछले हफ्ते ही इस समस्या के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह हाल सिर्फ एक दो जगह का ही नहीं बल्कि कई सेक्टरों का है। ऐसे में निवासियों को जल्द समाधान की आस है। ब्यूरो