संवाद न्यूज एजेंसी नूंह। जिले के नगीना स्थित पीएम श्री स्कूल में कार्यरत एक सरकारी शिक्षक पर नियमों का दुरुपयोग कर अपने बच्चों को गलत तरीके से स्कॉलरशिप दिलाने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता अल्ताफ निवासी टूंडलाका ने इस मामले की शिकायत सीएम विंडो, डीसी नूंह और जिला शिक्षा अधिकारी को दी है। आरोप है कि शिक्षक मोहम्मद रफीक ने आय प्रमाण पत्र में कम आय दर्शाकर अपने बच्चों को उन योजनाओं का लाभ दिलाया, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित हैं। शिकायत के बाद गुरुवार को जांच कमेटी नगीना स्कूल पहुंची और पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी नगीना बालकिशन का कहना है कि मामले की शिकायत मिलने के बाद कमेटी गठित कर जांच करवाई गई। प्राथमिक जांच में शिक्षक पर जो आरोप लगाए गए थे वह निराधार पाए गए।