ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट ऑफ फार्मेसी में मंगलवार से डीएचआर-आईसीएमआर प्रायोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ होगा। 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित कार्यशाला का विषय हेल्थ टेक्नोलॉजी ट्रांसलेशन, रेगुलेशन एंड इनोवेशन है। इसमें देश के सात से अधिक राज्यों और 25 से अधिक कॉलेजों व विश्वविद्यालयों से चयनित 78 शोधार्थी और विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यशाला का उद्देश्य युवा शोधार्थियों को क्लीनिकल जरूरतों की पहचान से लेकर मेडिकल उत्पादों के विकास और नियामकीय मंजूरी तक की प्रक्रिया से परिचित कराना है। कार्यक्रम का आयोजन लॉयड कैंपस-1 में संस्थान की इनोवेशन काउंसिल के सहयोग से होगा। ग्रुप डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) वंदना अरोड़ा सेठी ने बताया कि देशभर से 177 पंजीकरण प्राप्त हुए थे, जिनमें चयन प्रक्रिया के बाद 78 प्रतिभागियों का चयन किया गया। पांच दिनों में हेल्थ टेक, डिजाइन थिंकिंग, मेडिकल डिवाइस रेगुलेशन, एआई, बायोमटेरियल्स, एचपीएलसी और ड्रग डिलीवरी जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान और हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण होंगे। ब्यूरो