22 जनवरी को गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल आयोजित
नूंह। गणतंत्र दिवस का समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करें। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय के मीटिंग हॉल में कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह यासीन मेव डिग्री कॉलेज में मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुत किए जाने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति से ओत-प्रोत होने चाहिए। स्कूलों के साथ कॉलेजों की टीमें भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इनकी तैयारियों के संबंध में उन्होंने विद्यालय, महाविद्यालयों को दिशा-निर्देश भी दिए। गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल 22 जनवरी को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत किए जाने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के गीतों की पहले से ही रिकॉर्डिंग करवा ली जाए। कोरियोग्राफी और गीतों की रिकॉर्डिंग उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों की समुचित रिहर्सल कराकर उन्हें पारंगत बनाएं। उन्होंने समारोह स्थल को फूलों से सजाने के भी निर्देश दिए। समारोह में स्वागत द्वार और झंडे आदि भी लगाए जाएंगे। इस अवसर पर विभिन्न कार्यालय अपने-अपने विभाग की योजनाओं को प्रदर्शित करने वाली झांकियों का भी प्रदर्शन करेंगे।