-लोगों को हो रही परेशानी, जल बोर्ड को सात दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट देने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली जल बोर्ड के जोनल रेवेन्यू ऑफिस को रोहिणी रोहिणी सेक्टर-6 से करीब 20 किलोमीटर दूर नरेला स्थानांतरित किए जाने लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष और रोहिणी के विधायक विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली जल बोर्ड को सात दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट देने के निर्देश दिये हैं।
रोहिणी के नागरिकों ने विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर बताया कि ऑफिस के नरेला शिफ्ट होने से बुजुर्गों, महिलाओं और कामकाजी लोगों को बिलिंग, जल आपूर्ति और सीवरेज संबंधी कामों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि ऑफिस को उसके पुराने स्थान सेक्टर-6 में दोबारा खोला जाए। इसके बाद विजेंद्र गुप्ता ने 24 अक्तूबर को जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखकर ऑफिस को रोहिणी में ही बहाल करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि यह दफ्तर पिछले 40 सालों से क्षेत्रवासियों को सेवाएं दे रहा था और इसके स्थानांतरण से हजारों लोग परेशान हैं। इस पत्र के जवाब में जल बोर्ड के सदस्य (वित्त) ने 28 अक्तूबर को निदेशक (राजस्व) को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर सात दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट विजेंद्र गुप्ता और जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को सौंपी जाए।